1. बीकानेर, 12 जून। जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की मार्च तिमाही बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सरकारी ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक, नाबार्ड, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक सहित विभिन्न बैंकों एवं विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अग्रणी जिला बैंक के मुख्य प्रबंधक लक्ष्मण राम मोडासिया ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 27,268.60 करोड़ रुपये तथा कुल ऋण 29,630.16 करोड़ रुपये रहा। जिले का साख-जमा अनुपात 108.66 प्रतिशत दर्ज किया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना, राजस्थान स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा बैंक और विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने वाली योजनाएं जिले की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

📍 बीकानेर | सूचना केंद्र परिसर में शुक्रवार को ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ विषयक तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने की।

इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। पिछले 12 वर्षों में भारत ने आधारभूत संरचना, जनकल्याण, डिजिटल सेवाओं और विभिन्न विकास क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में भी विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा प्रदेश में आमजन के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी तथा उनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार की प्रदर्शनी उपयोगी साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और जनसंचार माध्यमों के जरिए भी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में श्याम पंचारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं सुमन छाजेड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में जनकल्याण और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य ने बताया कि यह प्रदर्शनी 14 जून तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में लगभग 100 बैनरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रेस प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने ली बैठक

बीकानेर, 11 जून | चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने 210 से अधिक घोषणाओं की घोषणावार फीडबैक ली तथा इनके क्रियान्वयन की स्थिति जानी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक घोषणा का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा विभागीय अधिकारी नियमित समीक्षा करें। उन्होंने भूमि आवंटन से जुड़े लंबित मामलों की जानकारी लेकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को उच्च अधिकारियों से सतत समन्वय बनाए रखने को कहा।

बैठक में शहरी ई-बस सेवा की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि ई-बस डिपो निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह तक प्रथम चरण में 75 ई-बसें मिलने की संभावना है। जिला अस्पताल में नवीन शिशु वार्ड एवं आईसीयू स्थापना तथा ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों में नए उप स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।

खींवसर ने पवनपुरी नागणेचीजी मंदिर रोड पर प्रस्तावित आरओबी, शहर में चार स्थानों पर बनने वाले नॉइस मॉनिटरिंग सेंटर, पिंक टॉयलेट, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15-15 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले सड़क कार्यों, अटल प्रगति पथ, कपिल सरोवर एवं करणी माता मंदिर विकास कार्यों सहित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आयोजित किए जाएं तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। मानसून से पूर्व सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

25 जुलाई तक करें आवेदन, जिले में खुलेंगे नए आधार केंद्र

बीकानेर, 10 जून। जिले में आधार सेवाओं के विस्तार और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चयनित पंचायत समितियों, नगरपालिकाओं एवं नगरीय क्षेत्रों में नए आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर आधार नामांकन और आधार अपडेट का कार्य किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एवं जिला स्तरीय आधार समिति के अध्यक्ष उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि इन केंद्रों के संचालन के लिए सीईएलसी (CELC) आधार नामांकन ऑपरेटरों का चयन किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से शुरू होकर 25 जुलाई 2026 तक चलेगी।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को अपना आवेदन एसएसओ आईडी के माध्यम से RAJAADHAR पोर्टल पर ऑनलाइन प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदनों को ही चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। अपूर्ण अथवा त्रुटिपूर्ण आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे। चयन जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित आधार केंद्रों पर नामांकन एवं अद्यतन कार्य की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

रतनू ने बताया कि चयनित ऑपरेटरों को यूआईडीएआई तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार कार्य करना होगा। आधार केंद्र के संचालन के लिए आवश्यक सुरक्षा राशि एवं अन्य शर्तों का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा।

उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में नए बाल आधार केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इनमें खाजूवाला नगर क्षेत्र के वार्ड 4, बीकानेर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 7 एवं 18, देशनोक नगर पालिका के वार्ड 1 एवं 13 तथा डूंगरगढ़ नगर क्षेत्र के वार्ड 1, 10, 20, 30 एवं 35 शामिल हैं।आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, शर्तों एवं आधार केंद्रों की विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन की वेबसाइट तथा आधार राजस्थान पोर्टल पर उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने पात्र युवाओं से निर्धारित अवधि में आवेदन करने की अपील की है।

हाथकरघा बुनकरों को मिलेगा सम्मान और नकद पुरस्कार, 30 जून तक करें आवेदन

बीकानेर, 10 जून। पारंपरिक हस्तशिल्प और हाथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने जिले के हाथकरघा बुनकरों के लिए जिला स्तरीय नकद पुरस्कार योजना की घोषणा की है। योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुनकरों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए जिले के पात्र हाथकरघा बुनकरों से 30 जून तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैण गोदारा ने बताया कि योजना का उद्देश्य हाथकरघा बुनकरों की कला और कौशल को प्रोत्साहन देना है। पुरस्कार के लिए वही बुनकर पात्र होंगे जो पिछले तीन वर्षों से लगातार हाथकरघा बुनाई कार्य कर रहे हों तथा जिन्हें गत तीन वर्षों में इस पुरस्कार के लिए चयनित नहीं किया गया हो।

उन्होंने बताया कि इच्छुक बुनकर अपने द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के साथ आवेदन पत्र 30 जून तक चौपड़ा कटला, रानी बाजार स्थित जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र में जमा करवा सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय समय में केंद्र से प्राप्त किए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि हाथकरघा उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पारंपरिक कला का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में राज्य सरकार की यह पहल बुनकरों को आर्थिक और सामाजिक रूप से प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्थानीय हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाने में सहायक साबित होगी। विभाग ने पात्र बुनकरों से निर्धारित समयावधि में आवेदन करने की अपील की है।

जिला परिषद सीईओ शैलजा पांडे ने पांचू क्षेत्र का किया सघन निरीक्षण, विकास कार्यों की प्रगति परखी

बीकानेर, 10 जून। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे ने बुधवार को पंचायत समिति पांचू क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान सीईओ ने पांचू में निर्माणाधीन सीवरेज सिस्टम का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति जानी तथा आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने राजीविका के श्यामा प्रसाद उत्थान मिशन के तहत बन रहे सीएलएफ भवन का अवलोकन किया और महिला सशक्तिकरण में इसकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने ग्राम पंचायत जांगलू में सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत जेगला में विकसित भारत ग्राम योजना के अंतर्गत प्रस्तावित चारागाह विकास भूमि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीईओ ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है और आमजन को समय पर लाभ मिलता है। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियंका तलानिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना

बीकानेर, 10 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को देवस्थान विभाग के तत्वावधान में बीकानेर जिले सहित प्रदेशभर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम नत्थूसर गेट स्थित बड़ा गणेश मंदिर और देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में आयोजित हुए।

बड़ा गणेश मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

देशनोक में आयोजित कार्यक्रम में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया। विधायक भाटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी के निर्देशन में जिले की सभी तहसीलों के प्रमुख मंदिरों में भी विशेष पूजा, आरती और जनकल्याण की कामना के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग

देशनोक, 8 जून। देशनोक थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सियावतों का बास निवासी राजेन्द्र सिंह पुत्र लूणकरणदान चारण ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके भाई भगतसिंह (31) ने 6 जून को अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देशनोक लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर देशनोक पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

जसरासर। थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक युवक को तेज गति से आई पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कुचौर अगुणी निवासी पाबूसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उनका पुत्र धनुसिंह 3 जून 2026 की रात अपने साथी दलीपसिंह के साथ मोटरसाइकिल से नोखा से गांव लौट रहा था। रात करीब 9 बजे अणखीसर और बेरासर के बीच दलीपसिंह मोटरसाइकिल रोककर सड़क किनारे पेशाब करने चला गया, जबकि धनुसिंह मोटरसाइकिल के पास खड़ा था।

इसी दौरान सामने से आई पिकअप संख्या RJ19GE7153 को चालक ने कथित रूप से तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए सड़क की गलत दिशा में ले जाकर धनुसिंह को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई तथा धनुसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को पहले नोखा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पीबीएम अस्पताल, बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। घायल का उपचार अभी भी जारी है।

परिवादी ने बताया कि पुत्र के उपचार में व्यस्त रहने के कारण रिपोर्ट बाद में दर्ज करवाई गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जसरासर, 7 जून। जसरासर थाना क्षेत्र के कुकणिया बेरासर गांव निवासी एक युवक ने कुछ लोगों पर घर से कथित रूप से अपहरण कर ले जाकर बेरहमी से मारपीट करने तथा जिंदा जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कुकणिया बेरासर निवासी मूलाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 4 जून को सुबह करीब 11 बजे वह अपनी माता झूमा देवी के साथ घर पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान नारायणराम और किशोर निवासी काकड़ा एक मोटरसाइकिल और एक कार में अपने एक अन्य साथी के साथ उसके घर पहुंचे।

परिवादी के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन उसे वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान उसकी माता बीच-बचाव करने आई तो आरोपियों ने कथित रूप से उनके पेट में लात मार दी, जिससे वह गिर गईं। बताया गया कि हाल ही में उनका ऑपरेशन हुआ था।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपी उसे जबरन वाहन में डालकर काकड़ा की ओर ले गए। जोगणिया बाला की ओरण में पहुंचने पर वहां रेखाराम जाट निवासी मेहरामसर तथा राजूराम जाट निवासी काकड़ा एक पिकअप वाहन लेकर पहुंचे। परिवादी का आरोप है कि पिकअप में लोहे के सरिए और रॉड रखे हुए थे तथा सभी आरोपियों ने मिलकर उसके साथ सरियों और रॉड से मारपीट की।

परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जिंदा जलाने की नीयत से उसके शरीर पर पेट्रोल भी छिड़का। बाद में उसे बेहोशी की हालत में समझकर एक ट्यूबवेल पर ले जाया गया, जहां उसके शरीर पर पानी डाला गया तथा एक डॉक्टर को बुलाकर उपचार कराया गया। इसी दौरान पुलिस के पहुंचने पर आरोपी वहां से हट गए।

मूलाराम के अनुसार उसके परिजन उसे उपचार के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल लेकर गए, जहां उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर उसने जसरासर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर नारायणराम, किशोर, राजूराम, रेखाराम तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सेवाराम को सौंपी गई है।

Join WhatsApp